Monday 16 July 2018

भगदत्त की वीरता, अर्जुन द्वारा संशप्तकों का नाश तथा भगदत्त की वध

धृतराष्ट्र ने पूछा___ संजय ! जब पाण्डवलोग लौटकर इस प्रकार युद्ध के लिये अलग_अलग बँट गये तो मेरे पुत्रों ने और उन्होंने किस प्रकार युद्ध किया ?
संजय ने कहा___जब सब लोग संग्राम के लिये सजकर तैयार हो गये तो आपके पुत्र दुर्योधन ने गजारोहियों का सेना लेकर भीमसेन के ऊपर धावा किया। किन्तु युद्धकुशल भीम ने थोड़ी ही देर में उस गजसेना के व्यूह को तोड़ दिया। उनके बाणों से हाथियों का सारा मद उतर गया और वे मुँह फेरकर भागने लगे। इसी तरह भीमसेन ने उस सारी सेना को कुचल डाला। यह देखकर दुर्योधन का क्रोध भड़क उठा और वह भीमसेन के सामने आकर उन्हें अपने पैने बाणों से बींधने लगा।    किन्तु एक क्षण में ही भीमसेन ने अपने बाण बरसाकर उसे घायल कर दिया तथा दो बाण छोड़कर उसकी ध्वजा में चित्रित मणिमय हाथी और धनुष को काट डाला। इस प्रकार दुर्योधन को पीड़ित होते देख अंगदेश का राजा हाथी पर सवार हुआ भीमसेन के सामने आया। उसके हाथी को अपनी ओर आते देखकर भीमसेन ने बाणों की वर्षा करके उसके मस्तक को बहुत घायल कर दिया। इससे वह घबराकर पृथ्वी पर गिर गया। हाथी के गिरने के साथ अंगराज भी जमीन पर गिर गया। उसी समय फुर्तीले भीमसेन ने एक बाण से उसका सिर उड़ा दिया। यह देखते ही उसकी सेना घबराकर भाग गयी। इसके बाद एरावत के वंश में उत्पन्न हुए एक विशालकाय गजराज पर चढ़ प्राग्यज्योतिषनरेश भगदत्त ने भीमसेन पर आक्रमण किया। उनके हाथी ने क्रोध में भरकर अपने आगे के दो पैर और सूँड़ से भीमसेन के रथ और घोड़ों को एकदम कुचल डाला। भीमसेन अंजलिकावेध ( हाथी के पेट पर एक स्थानविशेष को हाथ से थपथपाना ‘ अंजलिवेध’ कहलाता है। यह हाथी को अच्छा लगता है और महावीर के हाँकने पर भी वह आगे नहीं बढ़ता। ऐसा करके भीमसेन ने अपने ऊपर बिगड़े हुए भगदत्त के हाथी को अपने काबू में कर लिया ) जानते थे। इसलिये वे भागे नहीं, बल्कि दौड़कर हाथी के पेट के नीचे छिप गये और बार_बार उसे थपथपाने लगे। उस गजराज में दस हजार हाथियों के समान बल था और वह भीमसेन को मार डालने पर तुला हुआ था, इसलिये बड़ी तेजी से कुम्हार के चाक के समान चक्कर लगाने लगा। तब भीमसेन नीचे से निकलकर उसके सामने आ गये। हाथी ने उन्हें सूँड़ से गिराकर घुटनों से मसलना आरम्भ किया। तब भीमसेन ने अपने शरीर को घुमाकर उसकी सूँड़ से निकाल लिया और वे फिर उसके शरीर के नीचे छिप गये। कुछ देर में वे उससे बाहर आकर बड़े वेग से भाग गये। यह देखकर सारी सेना में बड़ा कोलाहल होने लगा। पाण्डवों की सेना उस हाथी से बहुत डर गयी और जहाँ भीमसेन खड़े थे, वहीं पहुँच गयी। तब महाराज युधिष्ठिर ने पांचालवीरों को साथ लेकर राजा भगदत्त को सब ओर से घेर लिया और उन पर सैकड़ों_हजारों बाणों से वार किया। किन्तु भगदत्त ने पांचालवीरों के उस प्रहार को अपने अंकुश से ही व्यर्थ कर दिया और फिर अपने हाथों से ही पांचाल और पाण्डववीरों को रौंदने लगे। संग्रामभूमि में भगदत्त का यह बड़ा ही अद्भुत पराक्रम था। इसके बाद दशार्ण देश का राजा हाथी पर चढ़कर भगदत्त के सामने आया। अब दोनों हाथियों का बड़ा भयंकर युद्ध छिड़ गया। भगदत्त के हाथी ने पीछे हटकर फिर एक साथ ऐसी टक्कर मारी कि दशार्णराज के हाथी की पसलियाँ टूट गयीं। वह तुरंत पृथ्वी पर गिर गया। इसी समय भगदत्त ने सात चमचमाते हुए तोमरों से हाथी पर बैठे हुए दशार्णराज को मार डाला।
अब युधिष्ठिर ने बड़ी भारी रथसेना लेकर भगदत्त को चारों ओर से घेर लिया। परंतु प्राग्यज्योतिषनरेश ने अपने हाथी को यकायक सात्यकि के रथ पर छोड़ दिया। हाथी ने उसके रथ को उठाकर बड़े वेग से दूर फेंक दिया। किन्तु सात्यकि रथ में से कूदकर भाग गया। तब कृति का पुत्र रुचिपर्वा भगदत्त के सामने आया। वह एक रथ पर सवार था। उसने काल के समान बाणों की वर्षा करनी आरम्भ कर दी। किन्तु भगदत्त ने एक ही बाण से उसे यमराज के घर भेज दिया। वीर रुचिपर्वा के मारे जाने पर अभिमन्यु, द्रौपदी के पुत्र, चेकितान, धृष्टकेतू और युयुत्सु आदि योद्धा भगदत्त के हाथी को तंग करने लगे। उसका काम तमाम करने के लिये उन्होंने उस पर बाणों की वर्षा आरम्भ कर दी। किन्तु जब महावत ने उसे एड़ी, अंकुश और अंगूठे से गुदगुदाकर बढ़ाया तो वह गूँज, फैलाकर तथा कान और नेत्रों को स्थिर करके शत्रुओं की ओर चला। उसने युयुत्सु के घोड़ों को पैर से दबाकर उसके सारथि को मार डाला। तब युयुत्सु तुरंत ही रथ से कूदकर भाग गया। तब अभिमन्यु ने बारह, युयुत्सु ने दस तथा द्रौपदी के पाँचों पुत्र और धृष्टकेतू ने दस तथा द्रौपदी के पाँचों पुत्र और धृष्टकेतू ने तीन_तीन बाण मारकर उसे घायल कर दिया। शत्रुओं के बाणवर्षा ने उसे बड़ी ही पीड़ा पहुँचायी। महावत ने उसे फिर युक्तिपूर्वक बढ़ाया। इससे कुपित होकर वह शत्रुओं को उठा_उठाकर अपने दायें_बायें फेंकने लगा। इससे सभी वीरों को भय ने दबा लिया। गजारोही, अश्वारोही, रथी और राजा सभी डरकर भागने लगे। उस समय उनके कोलाहल से बड़ा भीषण शब्द होने लगा। वायु बड़े वेग से बह रहा था, इसलिये आकाश और समस्त सैनिक धूल से ढक गये।
इस प्रकार भगदत्त के अनेकों पराक्रम दिखाने पर जब अर्जुन ने आकाश में धूल उठती देखी और हाथी की चिग्घार सुनी तो उन्होंने श्रीकृष्ण से कहा, ‘मधुसूदन ! मालूम होता है प्राग्यज्योतिषनरेश भगदत्त आज हाथी पर चढ़कर हमारी सेना पर टूट पड़े हैं। निःसंदेह यह चिग्घार उन्हीं के हाथी की है। मेरा तो ऐसा विचार है कि ये युद्ध में इन्द्र से कम नहीं है। गजारोहियों में पृथ्वी भर में सबसे श्रेष्ठ कहा जा सकता है। आज ये अकेले ही पाण्डवों की सारी सेना को नष्ट कर देंगे। हम दोनों के सिवा इनकी गति को रोकने में और कोई समर्थ नहीं है। इसलिये अब जल्दी ही उनकी ओर चलिये।‘ अर्जुन के ऐसा कहने पर भगवान् श्रीकृष्ण उनके रथ को उसी ओर ले चले, जिधर भगदत्त पाण्डवों की सेना का संहार कर रहे थे। उन्हें आते देखकर चौदह हजार संशप्तक, दस हजार त्रिगर्त और चार हजार नारायणीसेना के वीर पीछे से पुकारने लगे। अब अर्जुन का हृदय दुविधा में पड़ गया। वे सोचने लगे कि ‘मैं संशप्तकों की ओर लौटूँ या राजा युधिष्ठिर के पास जाऊँ ? इन दोनों में ये कौन सा काम करना विशेष हितकर होगा ?’ अन्त में उनका विचार संशप्तकों के वध करने के पक्ष में ही अधिक स्थिर हुआ। इसलिये वे अकेले ही हजारों वीरों का सफाया करने के विचार से संशप्तकों की ओर लौट पड़े। संशप्तक महारथियों ने एक साथ हजारों बाण अर्जुन पर छोड़े। उनसे बिलकुल ढक जाने के कारण अर्जुन, कृष्ण तथा उनके घोड़े और रथ सभी दीखने बन्द हो गये। तब अर्जुन ने बात_की_बात में उन्हें ब्रह्मास्त्र से नष्ट कर दिया। फिर उनके बाणों से संग्रामभूमि में अनेकों ध्वजाएँ, घोड़े, सारथि, हाथी और महावत कट_कटकर गिर गये; अनेकों वीर की भुजाएँ, जिनमें ऋृष्टि, प्रास, तलवार, बखनख, मुद्गर और फरसे आदि लगे हुए थे, कटकर इधर_उधर फैल गयीं तथा उनके सिर जहाँ_तहाँ लुढ़कने लगे। अर्जुन का यह अद्भुत पराक्रम देखकर श्रीकृष्ण को बड़ा आश्चर्य हुआ और वे रहने लगे, ‘पार्थ ! आज तुमने जो काम किया है, मेरे विचार से यह इन्द्र, यम और कुबेर से भी होना कठिन है। मैंने युद्ध में प्रत्यक्ष ही सैकड़ों_हजारों संशप्तक महारथियों को एक साथ गिरते देखा है।‘
इस प्रकार यहाँ जो संशप्तक वीर मौजूद थे, उनमें से अधिकांश को मारकर अर्जुन ने श्रीकृष्ण से कहा___’अब भगदत्त की ओर चलिये।‘ तब श्रीमाधव ने बड़ी फुर्ती से घोड़ों को द्रोणाचार्य की सेना की ओर मोड़ दिया। यह देखकर सुशर्मा ने अपने भाइयों को साथ लेकर उनका पीछा किया। तब अर्जुन ने श्रीकृष्ण से पूछा, ‘अच्युत ! देखिये, इधर तो अपने भाइयों के सहित सुशर्मा मुझे युद्ध के लिये ललकार रहा है और उधर उत्तर दिशा में हमारी सेना का संहार हो रहा है। बताइये, इनमें से कौन काम करना हमारे लिये अधिक हितकर होगा ?’ यह सुनकर श्रीकृष्ण ने त्रिगर्तराज सुशर्मा की ओर रथ मोड़ दिया। अर्जुन ने तुरंत ही सात बाणों से सुशर्मा को बींधकर दो बाणों से उसके धनुष और ध्वजा को काट डाला। फिर छः बाणों से उसके भाई को सारथि और घोड़ोंसहित यमराज के पास भेज दिया। तब सुशर्मा ने तककर अर्जुन पर एक लोहे की शक्ति और तोमर दोनों को ही काट डाला और फिर बाणों की वर्षा से सुशर्मा को मूर्छित कर द्रोण की ओर लौट गये।
उन्होंने अपनी बाणवर्षा से कौरवों की सेना को छा दिया और फिर भगदत्त के सामने जाकर डट गये। भगदत्त मेघ के समान श्यामवर्ण हाथी हर चढ़े हुए थे।उन्होंने अर्जुन पर बाणों की वर्षा करनी आरम्भ कर दी। किन्तु अर्जुन ने बीच में ही उन सब बाणों को काट डाला। इसपर भगदत्त ने भी अर्जुन के बाणों को रोककर श्रीकृष्ण और उन पर बाणों की चोट आरम्भ की। तब अर्जुन ने उनके धनुष को काट डाला। इस पर भगदत्त ने भी अर्जुन के बाणों को रोककर श्रीकृष्ण और उन पर बाणों की चोट आरम्भ की। तब अर्जुन ने उनके धनुष को काट डाला। अंगरक्षकों को मारकर गिरा दिया और भगदत्त के साथ खेल_सा करते हुए युद्ध करने लगे। भगदत्त ने उन पर चौदह तोमर छोड़े, किन्तु उन्होंने प्रत्येक के दो_दो टुकड़े कर दिये। फिर उन्होंने भगदत्त के हाथी का कवच काट डाला। तब भगदत्त ने श्रीकृष्ण पर एक लोहे की शक्ति छोड़ी, किन्तु अर्जुन ने उसके दो टुकड़े कर डाले तथा भगदत्त के छत्र और ध्वजा को काटकर उन्हें दस बाणों से बींध डाला। इससे भगदत्त को बड़ा विस्मय हुआ। इस प्रकार अर्जुन के बाणों से बिंधे हुए भगदत्त ने भी क्रोध में भरकर उसके मस्तक पर कई बाण मारे। इससे उनका मुकुट कुछ टेढ़ा हो गया। मुकुट को सीधा करते हुए अर्जुन ने भगदत्त से कहा___'राजन् ! अब तुम इस संसार को जी भरकर देख लो।‘ यह सुनकर भगदत्त क्रोध में भर गये और अर्जुन तथा श्रीकृष्ण पर बाणों की वर्षा करने लगे। यह देख अर्जुन ने बड़ी फुर्ती से उनके धनुष और तरकसों को काट डाला तथा बहत्तर बाणों से उसके मर्मस्थानों को बींध दिया। इससे अत्यंत व्यथित होकर भगदत्त ने वैष्णवास्त्र का आह्वान किया और उससे अंकुश को अभिमन्त्रित करके उसे अर्जुन की छाती पर चलाया। भगदत्त का वह अस्त्र सबका नाश करनेवाला था, अत: श्रीकृष्ण ने अर्जुन को ओट में करके उसे अपनी ही छाती पर झेल लिया। इससे अर्जुन के चित्त को बड़ा क्लेश पहुँचा और उन्होंने श्रीकृष्ण को कहा, ‘भगवन् ! आपने तो प्रतिज्ञा की है कि ‘मैं युद्ध न करके केवल सारथि का काम करूँगा; किंतु अब आप अपनी प्रतिज्ञा का पालन नहीं कर रहे हैं। यदि मैं संकट में पड़ जाता या अस्त्र का निवारण करने में असमर्थ हो जाता, उस समय आपका ऐसा करना उचित होता। आपको भी यह मालूम है कि यदि मेरे हाथ में धनुष और बाण हो तो मैं तो मैं देवता, असुर और मनुष्योंसहित सम्पूर्ण लोकों को जीतने में समर्थ हूँ।‘ यह सुनकर भगवान् श्रीकृष्ण ने अर्जुन से ये रहस्यपूर्ण वचन कहे, ‘कुन्तीनन्दन ! सुनो; मैं तुम्हें एक गुप्त बात बताता हूँ, जो पूर्वकाल में घटित हो चुकी है। मैं चार स्वरूप धारण कर सदा संपूर्ण लोकों की रक्षा में तत्पर रहता हूँ। अपने को ही अनेकों रूपों में विभक्त करके संसार का हित करता हूँ। [ ‘नारायण’ नाम से प्रसिद्ध ] मेरी एक मूर्ति इस भूमण्डल पर रहकर तपस्या करती है। दूसरी मूर्ति जगत् के शुभाशुभ कर्मों पर दृष्टि रखती है। तीसरी मनुष्यलोक में आकर नाना प्रकार के कर्म करती है और चौथी वह है, जो हजार वर्षों तक जल में शयन करती है। वह मेरा चौथा विग्रह जब हजार वर्ष के पश्चात् शयन से उठता है, उस समय वर पाने योग्य भक्तों तथा ऋषि_महर्षियों को उत्तम वरदान देता है। एक बार, जबकि वही समय प्राप्त था, पृथ्वीदेवी ने मुझसे जाकर यह वरदान माँगा कि ‘मेरा पुत्र ( नरकासुर ) देवता तथा असुरों से अवध्य हो और उसके पास वैष्णवास्त्र रहे।‘ पृथ्वी की यह याचना सुनकर मैंने उसके पुत्र को अमोघ वैष्णवास्त्र दिया और उससे कहा___’पृथ्वी ! यह अमोघ वैष्णवास्त्र नरकासुर की रक्षा के लिये उसके पास रहेगा, अब इसे कोई नहीं मार सकेगा।‘ पृथ्वी की मनोकामना पूरी हुई और वह ‘ऐसा ही हो' कहकर चली गयी तथा वह नरकासुर,भी दुर्घर्ष होकर शत्रुओं को संताप देने लगा। अर्जुन ! वही मेरा वैष्णवास्त्र नरकासुर से भगदत्त को प्राप्त हुआ था। रुद्र और इन्द्र आदि देवताओं सहित संपूर्ण लोकों में ऐसा कोई भी नहीं है, जो इस अस्त्र से मारा जा सके। अतः तुम्हारी प्राणरक्षा के लिये ही मैंने इस अस्त्र की चोट स्वयं सह ली और इसे व्यर्थ कर दिया है। अब भगदत्त के पास यह दिव्य अस्त्र नहीं रहा, अतः इस महान् असुर को तुम मार डालो।‘ महात्मा श्रीकृष्ण के ऐसा कहने पर अर्जुन ने सहसा तीक्ष्ण बाणों की वर्षा करके भगदत्त को ढक दिया और उनके हाथी के दोनों कुम्भस्थलों के बीच में बाण मारा। वह बाण पूँछसहित उसके मस्तक में धँस गया। फिर तो राजा भगदत्त के बार_बार हाँकने पर भी आगे न बढ़ सका और आर्तस्वर से चिघ्घाड़ते हुए उसने प्राण त्याग दिये। तब श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा__’पार्थ ! यह भगदत्त बहुत बड़ी उम्र का है, इसके सिर के बाल सफेद हो गये हैं। पलकें ऊपर न उठने के कारण इसकी आँखें प्रायः बन्द रहती हैं; इस समय इसने आँखों को खुली रखने के लिये कपड़े की पट्टी से पलकों को ललाट में बाँध रखा है।‘ भगवान् के कहने से अर्जुन ने बाण मारकर भगदत्त के सिर की पट्टी काट दी, उसके पश्चात् ही भगदत्त की आँखें बन्द हो गयीं। तत्पश्चात् एक अर्धचन्द्राकार बाण मारकर अर्जुन ने राजा भगदत्त की छाती छेद दी। उसका हृदय फट गया, प्राणपखेरू उड़ गये और हाथ से धनुष_बाण छूटकर गिर पड़े। पहले उनके मस्तक से खिसककर पगड़ी गिरी, फिर वे स्वयं भी पृथ्वी पर गिर गये। पहले उसके मस्तक से खिसककर पगड़ी गिरी, फिर वे स्वयं भी पृथ्वी पर गिर गये। इस प्रकार अर्जुन ने उस युद्ध में इन्द्र के सखा राजा भगदत्त का वध किया और कौरवपक्ष के अन्यान्य योद्धाओं का संहार कर डाला।

No comments:

Post a Comment